Faridabad/Alive News: सेक्टर-49 स्थित डी.ए.वी. ज्ञान प्रकाश चोपड़ा पब्लिक स्कूल में 25 जून और 27 जून 2026 को हिंदी विषय की दो दिवसीय क्षमता संवर्धन कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में क्लस्टर-4 के विभिन्न विद्यालयों से आए हिंदी विषय के शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के कार्यवाहक शिक्षक प्रभारी विपिन बिहारी द्वारा सभी मास्टर ट्रेनरों का पौधा भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन करने के साथ हुई। इस अवसर पर उन्होंने शिक्षकों को नई शिक्षण पद्धतियों को अपनाने और विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया।
कार्यशाला के दौरान शिक्षकों को हिंदी विषय के प्रभावी एवं रोचक शिक्षण के लिए विभिन्न आधुनिक तकनीकों और गतिविधि-आधारित शिक्षण विधियों से अवगत कराया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि नई शिक्षण तकनीकों के माध्यम से विद्यार्थियों की भाषा दक्षता और सीखने की रुचि को बेहतर बनाया जा सकता है।
कार्यशाला में उपस्थित सभी शिक्षकों ने विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी की और इन नवाचारों को अपने विद्यालयों में लागू करने की प्रतिबद्धता जताई। अंत में कार्यशाला का सफलतापूर्वक समापन हुआ।

