Faridabad/Alive News: साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने मुंबई में पीजी (PG) दिलाने के नाम पर हुई 54,406 रुपये की साइबर ठगी के मामले में एक खाताधारक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-21ए निवासी एक व्यक्ति मुंबई में रहने के लिए पीजी की तलाश कर रहा था। इसी दौरान उसे एक ऑनलाइन प्रॉपर्टी पोर्टल पर पीजी की लिस्टिंग मिली। दिए गए नंबर पर संपर्क करने पर ठगों ने खुद को पीजी संचालक बताकर व्हाट्सएप पर तस्वीरें भेजीं और बुकिंग के नाम पर 2,000 रुपये की रिफंडेबल सिक्योरिटी राशि जमा करवाई।
इसके बाद ठगों ने “नेशनल पीजी डेटाबेस” में नाम दर्ज कराने और जीएसटी के नाम पर अलग-अलग किस्तों में पैसे जमा करवाए। बाद में रिफंड का झांसा देकर लगातार और भुगतान कराया गया। इस तरह 4 जून से 6 जून के बीच कुल 54,406 रुपये की ठगी कर ली गई। जब दोबारा ₹18,010 की मांग की गई, तो पीड़ित को शक हुआ और उसने साइबर थाना एनआईटी में शिकायत दी।
जांच के दौरान पुलिस ने एक बैंक खाताधारक को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि उसने अपना बैंक खाता एक परिचित के माध्यम से साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था। खाते में ठगी की रकम में से 36,408 रुपये आए थे, जिसमें से उसने कमीशन रखकर बाकी राशि यूपीआई के जरिए अन्य खातों में ट्रांसफर कर दी। आरोपी वर्तमान में ब्लिंकिट में डिलीवरी का कार्य करता है।
आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।

