June 27, 2026

सीआईएसएफ के नाम पर टाइल्स ऑर्डर के बहाने 30 हजार की साइबर ठगी, तीन आरोपी गिरफ्तार

सीआईएसएफ के नाम पर साइबर ठगी मामले में गिरफ्तार आरोपी

Faridabad/Alive News: साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने सीआईएसएफ के नाम पर सरकारी खरीद का झांसा देकर 30,000 रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, तिरखा कॉलोनी, बल्लभगढ़ स्थित एक आरसीसी टाइल्स निर्माता से 17 जनवरी 2026 को ठगों ने संपर्क किया। आरोपियों ने खुद को सीआईएसएफ का अधिकारी बताकर दिल्ली स्थित इकाई के लिए टाइल्स की आवश्यकता बताई और व्हाट्सएप पर फर्जी परचेज ऑर्डर व अन्य दस्तावेज भेजकर भरोसा जीत लिया।

इसके बाद विक्रेता पंजीकरण शुल्क के नाम पर कुल ₹59,000 की मांग की गई, जिसमें से पीड़ित ने भरोसा कर 30,000 रुपये बताए गए बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए। बाद में लगातार और पैसे की मांग होने पर उसे शक हुआ और उसने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दर्ज कराई।

जांच के आधार पर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों की मदद से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी एक-दूसरे के परिचित हैं और बैंक खाता उपलब्ध कराने से लेकर ठगी की राशि को आगे ट्रांसफर करने तक की भूमिका निभा रहे थे। खाते में ठगी की ₹30,000 की रकम आई थी।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों में से दो को जेल भेज दिया गया है, जबकि एक आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर आगे की जांच की जा रही है।