June 24, 2026

एचएसवीपी सेक्टरों में अवैध पीजी, गेस्ट हाउस और कोचिंग संस्थानों पर चलेगा अभियान

फरीदाबाद के एचएसवीपी सेक्टरों में अनधिकृत व्यावसायिक गतिविधियों की जांच करते अधिकारी।

Faridabad/Alive News: हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने सेक्टरों में आवंटित आवासीय और व्यावसायिक भूखंडों पर संचालित अनधिकृत गतिविधियों के खिलाफ विशेष निरीक्षण अभियान शुरू किया है। अभियान का उद्देश्य सेक्टरों में नियोजित विकास व्यवस्था बनाए रखना और एचएसवीपी नियमों का पालन सुनिश्चित करना है।

एस्टेट ऑफिसर के निर्देश पर संबंधित क्षेत्रों के कनिष्ठ अभियंताओं (जेई) को अपने-अपने क्षेत्र में संपत्तियों का निरीक्षण करने के आदेश दिए गए हैं। जांच के दौरान यह देखा जाएगा कि कहीं आवासीय उपयोग के लिए आवंटित भवनों में बिना अनुमति के पीजी, गेस्ट हाउस, कोचिंग सेंटर, नर्सिंग होम, अस्पताल या अन्य व्यावसायिक गतिविधियां तो नहीं चलाई जा रहीं।

निरीक्षण टीम संबंधित प्लॉट नंबर, सेक्टर, संचालक का नाम और गतिविधि का विवरण एकत्र कर रिपोर्ट तैयार करेगी। रिपोर्ट के आधार पर नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

एचएसवीपी ने संपत्ति मालिकों और संचालकों को चेतावनी दी है कि वे आवंटन शर्तों के विपरीत चल रही गतिविधियों को तुरंत बंद करें। यदि किसी संपत्ति में अनधिकृत रूप से व्यावसायिक गतिविधियां संचालित पाई गईं तो संबंधित संपत्ति के खिलाफ रिजम्प्शन सहित कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

एचएसवीपी अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भूमि उपयोग नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।