June 25, 2026

मानसून से पहले एक्शन मोड में प्रशासन, डीसी आयुष सिन्हा ने जलभराव वाले क्षेत्रों का किया निरीक्षण

फरीदाबाद में मानसून तैयारियों के तहत जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करते डीसी आयुष सिन्हा।

Faridabad/Alive News: मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने के लिए उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने बुधवार को शहर के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एनएचपीसी अंडरपास, बड़खल फ्लाईओवर, ओल्ड अंडरपास, नीलम फ्लाईओवर, मुगल पुल और बुढ़िया नाला क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान डीसी ने संबंधित अधिकारियों को सभी प्रमुख नालों, ड्रेनों और सीवरेज लाइनों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि वर्षा जल का निर्बाध प्रवाह बना रहे और जलभराव की स्थिति न बने।

उन्होंने अंडरपासों पर लगे पंपसेट्स की क्षमता और कार्यशीलता की नियमित जांच करने, पंप ऑपरेटरों की 24 घंटे ड्यूटी सुनिश्चित करने तथा सभी मशीनरी को पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश दिए।

डीसी ने बिजली विभाग को संवेदनशील स्थलों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने और वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में डीजी सेट में पर्याप्त ईंधन उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए।

इसके अलावा पुलिस और संबंधित विभागों को भारी बारिश के दौरान जलभराव वाले क्षेत्रों और अंडरपासों पर जरूरत पड़ने पर प्रभावी बैरिकेडिंग करने तथा ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

आयुष सिन्हा ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य मानसून के दौरान नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और जलभराव से होने वाली परेशानियों को न्यूनतम रखना है। इसके लिए सभी विभागों को पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान एफएमडीए, नगर निगम, एचएसवीपी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।