Noida/Alive News: गौतमबुद्धनगर डाक विभाग मंडल ने पोस्ट ऑफिस सेविंग बैंक (पीओएसबी) खातों को बढ़ावा देने के लिए 22 जून से 30 जून तक विशेष अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत मंडल के सभी डाकघरों में नए बचत खाते खोलने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
अधीक्षक डाकघर, गौतमबुद्धनगर मंडल द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार विभिन्न श्रेणी के डाकघरों के लिए प्रतिदिन नए खाते खोलने के लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। शाखा डाकघरों को प्रतिदिन दस, सिंगल हैंड डाकघरों को 15, डबल हैंड डाकघरों को 30, ट्रिपल हैंड एवं उससे बड़े डाकघरों को 45 तथा प्रधान डाकघरों को 80 नए खाते खोलने का लक्ष्य दिया गया है।
अभियान को सफल बनाने के लिए डाक विभाग विभिन्न स्थानों पर जागरूकता शिविर भी आयोजित करेगा। इन शिविरों में लोगों को डाकघर की बचत योजनाओं, निवेश विकल्पों और उनके लाभों की जानकारी दी जाएगी। विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को डाकघर की सुरक्षित एवं लाभकारी बचत योजनाओं से जोड़ना है।
अधिकारियों का कहना है कि विशेष अभियान के माध्यम से वित्तीय समावेशन को बढ़ावा मिलेगा और आमजन को बचत की आदत अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

