August 6, 2026

यूट्यूब लाइव संवाद सत्र के माध्यम से शैक्षिक सत्र 2026-27 की रणनीति तय  

Noida/Alive News: शैक्षिक सत्र 2026-27 की प्रमुख प्राथमिकताओं और आगामी कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा करने के लिए उत्तर प्रदेश शासन के अपर मुख्य सचिव, बेसिक शिक्षा, एसआरजी एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा मंगलवार को विशेष यूट्यूब लाइव संवाद सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र में जनपद गौतमबुद्धनगर के शिक्षकों, शिक्षक संकुलों, एआरपी, खंड शिक्षा अधिकारियों, डायट मेंटर्स एवं अन्य शैक्षिक अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

संवाद सत्र में निपुण भारत मिशन के अगले चरण की रणनीति, शिक्षक क्षमता संवर्धन, क्रियाशील बालवाटिका, स्कूल चलो अभियान, कैच-अप कार्यक्रम तथा आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान (एफएलएन) को सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही विद्यालयों में सीखने के लिए वातावरण विकसित करने, विद्यार्थियों के सीखने स्तर में सुधार लाने तथा तय लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश साझा किए गए।

सत्र के दौरान शिक्षकों को इनोवेशन टीचिंग मेथड को अपनाने और विद्यालयों की एकेडमिक एक्टिविटी  को अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में भी महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया गया। शिक्षा विभाग की आगामी रणनीतियों, लक्ष्यों और कार्ययोजनाओं की स्पष्ट जानकारी मिलने से शिक्षकों को विद्यालय स्तर पर  एकेडमिक एक्टिविटी  के बेहतर क्रियान्वयन में सहायता मिलेगी।

क्या कहना है बीएसए का
आज के इस संवाद सत्र के माध्यम से शिक्षकों को आगामी शैक्षिक सत्र की रणनीति और प्राथमिकताओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई है, जिससे वे विद्यालय स्तर पर बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार कर सकेंगे।
– राहुल पवार, बीएसए, शिक्षा विभाग।