Faridabad/Alive News: त्योहारी सीजन में लोगों की थाली तक पहुंचने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। मिलावटखोरी की आशंका के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को बल्लभगढ़ अनाज मंडी में छापेमारी की। इस दौरान जेके पनीर से करीब 250 किलो संदिग्ध पनीर जब्त किया गया। विभाग की ओर से पनीर को नष्ट करने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मिठाई और डेयरी उत्पादों पर नजर
खाद्य सुरक्षा विभाग के डॉक्टर पुनीत ने बताया कि त्योहारी सीजन में मिठाई, दूध, पनीर समेत अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका बढ़ जाती है। इसे देखते हुए विभाग की टीमें बाजारों में लगातार जांच अभियान चला रही हैं। इसी कड़ी में बल्लभगढ़ अनाज मंडी में दुकानों की जांच की गई। कार्रवाई के दौरान जेके पनीर से करीब 250 किलो संदिग्ध पनीर बरामद हुआ।
अभियान जारी रहेगा
खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि बाजार में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकना और लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना अभियान का मुख्य उद्देश्य है। त्योहारी सीजन में जांच और छापेमारी जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

