June 23, 2026

नोएडा के ईएसआईसी अस्पताल में सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की कमी

Noida/Alive News: सेक्टर-24 स्थित ईएसआईसी अस्पताल में सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की कमी गंभीर मरीजों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। अस्पताल में प्रतिदिन सैकड़ों मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं, लेकिन कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, न्यूरोसर्जरी और ऑन्कोलॉजी जैसे महत्वपूर्ण विभागों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता नहीं होने से मरीजों को समय पर विशेष उपचार नहीं मिल पा रहा है।

अस्पताल में इन विभागों के सुपर स्पेशलिस्ट न होने के कारण गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों का प्राथमिक उपचार मेडिसिन विभाग के डॉक्टरों द्वारा किया जाता है। हालांकि जटिल मामलों में मरीजों को ईएसआईसी से संबद्ध निजी अस्पतालों में रेफर करना पड़ता है। इससे मरीजों और उनके परिजनों को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ता है।

हाल ही में अस्पताल में भर्ती एक महिला मरीज को लेकर सफाई कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन किया था। कर्मचारियों का आरोप था कि मरीज पिछले चार माह से अस्पताल में भर्ती थी, लेकिन न्यूरोलॉजिस्ट की अनुपलब्धता के कारण उसे अपेक्षित उपचार नहीं मिल सका। परिजनों और कर्मचारियों ने मरीज को बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल रेफर करने की मांग की थी। विरोध के बाद अस्पताल प्रशासन ने मरीज को निजी अस्पताल में रेफर कर दिया।

वही मरीजों का कहना है कि यह समस्या किसी एक मरीज तक सीमित नहीं है। अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी के कारण कई मरीजों को समय पर विशेष उपचार नहीं मिल पाता और उन्हें अन्य अस्पतालों का रुख करना पड़ता है उन्होंने ईएसआईसी अस्पताल में कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, न्यूरोसर्जरी और ऑन्कोलॉजी विभागों में सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की नियुक्ति की मांग की है, ताकि अस्पताल में आने वाले मरीजों को समय पर सही और बेहतर उपचार मिल सके।

क्या कहना है डीन का

अस्पताल में सुपर स्पेशलिस्ट में एक एसोसिएट प्रोफेसर और एक प्रोफेसर की पोस्ट है लेकिन यहां पर पद खाली पड़े हैं। इसके लिए हर महीने इंटरव्यू भी किए जा रहे हैं। डॉक्टर के अभाव में मरीजों को रेफर किया जाता है।
– डॉ. हरनाम कौर, डीन, ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज