June 23, 2026

साइबर सेल की तकनीकी दक्षता से एक माह में बरामद हुए 103 मोबाइल, डीसीपी क्राइम ने वापस मालिकों को लौटाए

फरीदाबाद पुलिस द्वारा बरामद 103 गुमशुदा मोबाइल उनके मालिकों को सौंपते डीसीपी क्राइम राजेश कुमार मोहन

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की साइबर सेल ने जनसेवा और तकनीकी दक्षता का उत्कृष्ट उदाहरण पेश करते हुए पिछले एक माह के दौरान 103 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए। मंगलवार को पुलिस लाइन स्थित कार्यालय में डीसीपी क्राइम राजेश कुमार मोहन ने मोबाइल फोन उनके मालिकों को लौटाए।

साइबर सेल की सतर्कता और तकनीकी जांच के चलते उनके मोबाइल सुरक्षित वापस मिल गए। फोन प्राप्त करने वाले लोगों ने फरीदाबाद पुलिस और साइबर सेल की टीम का आभार व्यक्त किया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, साइबर सेल ने केंद्र सरकार के सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (CEIR) पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की। तकनीकी विश्लेषण, डिजिटल ट्रैकिंग और विभिन्न नेटवर्क स्रोतों की सहायता से मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस कर उन्हें बरामद किया गया।

साइबर सेल लगातार ऐसे मामलों पर काम कर रही है ताकि लोगों की मेहनत की कमाई से खरीदे गए मोबाइल फोन वापस दिलाए जा सकें और उनमें मौजूद संवेदनशील डाटा का दुरुपयोग रोका जा सके।

डीसीपी क्राइम राजेश कुमार मोहन ने कहा कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने की स्थिति में अपराधी इसका गलत इस्तेमाल कर सकते हैं। इसलिए फोन गुम होते ही तुरंत शिकायत दर्ज कराना बेहद जरूरी है।

डीसीपी क्राइम ने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने पर बिना देरी किए CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें।