June 23, 2026

मुख्यमंत्री ने ऑटो म्यूटेशन सिस्टम और पेपरलेस रजिस्ट्रेशन 2.0 का किया शुभारंभ

Faridabad/Alive News: हरियाणा सरकार ने राजस्व सेवाओं को अधिक पारदर्शी और नागरिक हितैषी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए ऑटो म्यूटेशन सिस्टम और पेपरलेस रजिस्ट्रेशन 2.0 की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ से आयोजित कार्यक्रम में दोनों डिजिटल सेवाओं का वर्चुअल शुभारंभ किया। फरीदाबाद से उपायुक्त आयुष सिन्हा और अन्य अधिकारी कार्यक्रम से वर्चुअली जुड़े।

डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत संपत्ति की रजिस्ट्री होते ही इंतकाल (म्यूटेशन) की प्रक्रिया स्वतः शुरू हो जाएगी। सामान्य मामलों में 24 घंटे के भीतर इंतकाल स्वीकृत किया जाएगा, जबकि जटिल मामलों का निपटान 10 दिनों के भीतर करने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने कहा कि पेपरलेस रजिस्ट्रेशन 2.0 में आधार आधारित ई-केवाईसी, डिजिटल हस्ताक्षर, बायोमेट्रिक सत्यापन, ऑनलाइन स्टेटस ट्रैकिंग और क्यूआर कोड आधारित सत्यापन जैसी सुविधाएं शामिल की गई हैं। इससे नागरिकों को तहसीलों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिलेगी और राजस्व सेवाएं अधिक तेज, पारदर्शी व विश्वसनीय बनेंगी। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि नई प्रणालियों से विभागीय कार्यप्रणाली अधिक कुशल और जवाबदेह बनेगी तथा फर्जीवाड़े पर भी प्रभावी रोक लगेगी।