June 22, 2026

फेसबुक पर तरबूज की रील डालकर करते थे ठगी, डबुआ मंडी के आढ़ती से 2.30 लाख ऐंठे; जयपुर से दो गिरफ्तार

फरीदाबाद साइबर पुलिस ने फेसबुक पर फलों के व्यापार से जुड़े एक मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों ने डुबुआ मंडी के एक व्यापारी से 2.30 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी।

Faridabad/Alive News : सोशल मीडिया पर आकर्षक रील और थोक फलों के विज्ञापन दिखाकर व्यापारियों को ठगने वाले साइबर गिरोह का फरीदाबाद पुलिस ने पर्दाफाश किया है। साइबर थाना एनआईटी की टीम ने डबुआ मंडी के एक आढ़ती से 2.30 लाख की ठगी के मामले में मुख्य आरोपी समेत दो लोगों को राजस्थान के जयपुर से गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुभाष (उम्र 38) और शुभम (उम्र 27) निवासी जयपुर, राजस्थान के रूप में हुई है। दोनों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि सुभाष इस पूरे फर्जीवाड़े का मास्टरमाइंड है। वह पहले जयपुर की एक मंडी में आढ़ती का काम करता था, लेकिन अधिक कमाई के लालच में उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर साइबर ठगी का नेटवर्क तैयार किया।

आरोपियों ने फेसबुक पर थोक फल बिक्री का एक आकर्षक पेज बनाया, जहां तरबूज और अन्य फलों की रील एवं वीडियो अपलोड की जाती थीं। ग्राहकों को विश्वास दिलाने के लिए मोबाइल नंबर भी सार्वजनिक किया गया था।

डबुआ मंडी के एक आढ़ती ने फेसबुक पर विज्ञापन देखने के बाद दिए गए नंबर पर संपर्क किया। आरोपियों ने व्हाट्सएप पर तरबूजों की वीडियो भेजकर खुद को बड़ा सप्लायर बताया और एडवांस भुगतान की मांग की।

शिकायतकर्ता ने भरोसा कर अलग-अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद आरोपियों ने विभिन्न बहाने बनाकर कुल 2,30,000 की राशि ऐंठ ली, लेकिन न तो तरबूज की डिलीवरी दी और न ही पैसे वापस किए।

जांच में सामने आया कि आरोपी सुभाष का एक पार्टनर भी इस ठगी में शामिल था, जो बैंक खाते उपलब्ध कराता था। ठगी की रकम खातों में आने के बाद निकाल ली जाती थी और आपस में बांट ली जाती थी।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी शुभम खाताधारक है, जिसके खाते में ठगी की पूरी राशि ट्रांसफर हुई थी। साइबर थाना की टीम अब फरार साथी की तलाश में जुटी हुई है।