Faridabad/Alive News: कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) और श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (पीएमवीबीआरवाई) के तहत 19 जून 2026 को “रोजगार से विकसित भारत” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी उपायुक्त आयुष सिन्हा ने दी।
डीसी ने बताया कि यह कार्यक्रम राष्ट्रीय स्तर पर नई दिल्ली सहित देशभर के करीब 200 स्थानों पर एक साथ आयोजित किया जाएगा। फरीदाबाद में कार्यक्रम शाम 5 बजे से 7 बजे तक दो अलग-अलग स्थलों पर होगा।
पहला कार्यक्रम सेक्टर-17 स्थित मॉडर्न स्कूल ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-प्रथम रविंदर बबरा के पास होगी। दूसरा कार्यक्रम सेक्टर-8 स्थित सर्वोदय अस्पताल ऑडिटोरियम में आयोजित होगा, जिसके प्रभारी क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-द्वितीय डॉ. सुधीर कुमार जायसवाल होंगे।
प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना का उद्देश्य रोजगार के अवसर बढ़ाना और नए कर्मचारियों को योजना का लाभ उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम के दौरान पात्र लाभार्थियों को रोजगार पत्र वितरित किए जाएंगे।
इस अवसर पर नियोक्ता, कर्मचारी, नव-नियोजित युवा, उद्योग संगठन, व्यापारिक निकाय, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ सरकारी अधिकारी भी भाग लेंगे। ईपीएफओ फरीदाबाद ने सभी संबंधित हितधारकों से कार्यक्रम में भाग लेने और योजना का लाभ उठाने की अपील की है।

