June 16, 2026

एयरपोर्ट सेवा शुरू, 110 सिटी बसें सड़कों पर उतरीं

Noida/Alive News : नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से सोमवार से विमान सेवाएं शुरू होने के साथ ही शहर में सिटी बस सेवा का विस्तार कर दिया गया है। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में सोमवार को 110 ई-बसों का संचालन किया गया। हालांकि बसों की समय सारिणी अभी तक निर्धारित नहीं होने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और उन्हें घंटों तक बसों का इंतजार करना पड़ रहा है। सोमवार को नौ यात्रियों ने डबल डेकर बस के माध्यम से नोएडा से नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट तक सफर किया। एयरपोर्ट कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए डबल डेकर बसों को भी एयरपोर्ट रूट पर चलाया गया। यात्रियों को इससे सुविधाजनक और किफायती यात्रा का विकल्प मिला।

आरआई मनोज कुमार ने बताया कि एयरपोर्ट सेवा शुरू होने के कारण रविवार को 110 सिटी बसें शहर में पहुंच गई थीं, जिन्हें सोमवार से विभिन्न रूटों पर संचालित किया गया। उन्होंने बताया कि सभी बसों का पंजीकरण किया जा चुका है। हालांकि अभी तक बसों का निर्धारित समय तय नहीं किया जा सका है, जिस कारण यात्रियों को असुविधा हो रही है।

नई व्यवस्था के तहत नोएडा क्षेत्र में 50 बसें, जबकि ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में 30-30 बसों का संचालन किया जा रहा है। करीब छह वर्ष बाद शुरू हुई सिटी बस सेवा से शहरवासियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। इससे निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट तक सुबह से देर रात तक बस सेवाएं उपलब्ध कराई गई, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।