June 15, 2026

रॉन्ग साइड ड्राइविंग और अवैध पार्किंग पर फरीदाबाद पुलिस सख्त, चलेगा विशेष अभियान

यातायात व्यवस्था की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश देते डीसीपी ट्रैफिक जयवीर सिंह।

Faridabad/Alive News: जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस ने रॉन्ग साइड ड्राइविंग और अवैध पार्किंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का फैसला किया है। यह कार्रवाई केजीपी एक्सप्रेसवे, मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे और राष्ट्रीय राजमार्ग-44 (दिल्ली-मथुरा रोड) पर की जाएगी।

इस संबंध में डीसीपी ट्रैफिक जयवीर सिंह की अध्यक्षता में सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी ट्रैफिक जोन अधिकारियों को नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

डीसीपी ट्रैफिक ने कहा कि रॉन्ग साइड ड्राइविंग सड़क हादसों का बड़ा कारण बन रही है। ऐसे वाहन चालकों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और उनके खिलाफ चालान के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। संवेदनशील कट प्वाइंट, यू-टर्न और सर्विस रोड क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई जाएगी।

इसके अलावा एक्सप्रेसवे और हाईवे पर अवैध पार्किंग करने वाले वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी। सड़क किनारे खड़े ट्रक, बस, डंपर और अन्य भारी वाहनों पर विशेष नजर रखी जाएगी। जरूरत पड़ने पर ऐसे वाहनों को जब्त भी किया जा सकता है।

बैठक में दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को इन स्थानों पर चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर और अन्य सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस ने कहा है कि सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।