Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव और थाना शहर बल्लभगढ़ की संयुक्त टीम ने आजाद नगर क्षेत्र में अवैध शराब बेचने की सूचना पर एक घर में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस को घर से एक अवैध देसी कट्टा बरामद हुआ, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार आजाद नगर निवासी लेखराज के घर से अवैध शराब और नशा बेचने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो घर के लोगों ने दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खोलने पर पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया अपनाते हुए दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया।
तलाशी के दौरान पुलिस को शराब नहीं मिली, लेकिन एक कमरे में रखे बेड के अंदर से अवैध देसी कट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने हथियार को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि घर में मौजूद लोग छत के रास्ते फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
क्राइम ब्रांच प्रभारी उप निरीक्षक सुंदर सिंह ने बताया कि आरोपी लेखराज और उसके बेटे के खिलाफ पहले भी अवैध शराब, आर्म्स एक्ट और मारपीट के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में आगे की जांच जारी है।

