Faridabad/Alive News: अवैध हथियार रखने और उनकी आपूर्ति करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फरीदाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 4 अवैध देसी कट्टे बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार अपराध शाखा डीएलएफ ने धीरज नगर निवासी रजत को एक देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया। वहीं अपराध शाखा सेक्टर-56 ने सूरज साहनी को अवैध हथियार सहित पकड़ा। पूछताछ में सामने आया कि उसने यह हथियार आजाद नामक व्यक्ति से लिया था, जिसके बाद पुलिस ने हथियार सप्लाई करने के आरोप में आजाद को भी गिरफ्तार कर लिया।
इसी दौरान अपराध शाखा सेक्टर-56 ने नंगला एन्क्लेव निवासी हिमांशु ठाकुर उर्फ बंटी को भी एक देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया।
अपराध शाखा सेंट्रल ने डबुआ कॉलोनी निवासी दीपक उर्फ चुना को एक अवैध देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में उससे डबुआ क्षेत्र में हुई एक चोरी की वारदात का भी खुलासा हुआ है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। फरीदाबाद पुलिस का कहना है कि अवैध हथियारों और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

