Faridabad/Alive News: विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) फरीदाबाद द्वारा सेक्टर-15 स्थित कम्युनिटी सेंटर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 120 लोगों ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हरियाणा सरकार में मंत्री राजेश नागर रहे। इस अवसर पर कई सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने भी भाग लेकर रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया।
शिविर का सबसे प्रेरणादायक क्षण तब देखने को मिला जब व्हीलचेयर पर चलने वाले दिव्यांग युवक विपुल शर्मा ने पहली बार रक्तदान किया। उनके इस कदम ने उपस्थित लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
आईएमए फरीदाबाद के प्रधान डॉ. राजीव गुंबर ने सभी रक्तदाताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि रक्तदान से किसी प्रकार का नुकसान नहीं होता, बल्कि यह जरूरतमंद लोगों के लिए जीवनदान साबित होता है। कई डॉक्टरों ने स्वयं रक्तदान कर समाज को सकारात्मक संदेश दिया।
रक्तदान करने वालों में सबसे पहले डॉ. राकेश कपूर ने रक्तदान किया। उनके अलावा कई अन्य चिकित्सकों ने भी इस अभियान में भाग लिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में आईएमए के पदाधिकारियों और सदस्यों का विशेष योगदान रहा।

