June 15, 2026

जनसुनवाई शिविर में पहुंचीं 44 शिकायतें, अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश

नगर निगम मुख्यालय में आयोजित जनसुनवाई शिविर के दौरान नागरिकों की शिकायतें सुनतीं महापौर प्रवीन बत्रा जोशी।

Faridabad/Alive News: नगर निगम मुख्यालय में सोमवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई शिविर में 44 शिकायतें प्राप्त हुईं। महापौर प्रवीन बत्रा जोशी की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में निगमायुक्त धीरेंद्र खड़गटा और निगम सचिव अमित मान भी मौजूद रहे।

महापौर ने कहा कि जनसुनवाई शिविर का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण के लिए मौके पर जाकर निरीक्षण करने और जल्द समाधान निकालने के निर्देश दिए।

शिविर में सैनिक कॉलोनी के एच-ब्लॉक की पेयजल समस्या प्रमुख रही। इस पर निगमायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर समस्या का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए। इसके अलावा वार्ड-16 में लंबित विकास कार्यों को शुरू करने, एसजीएम नगर की गली नंबर-5 में इंटरलॉकिंग टाइलें लगाने, बुद्ध पार्क के आसपास पड़े सी एंड डी वेस्ट को हटाने और पार्क के सौंदर्यीकरण के निर्देश भी दिए गए।

सेक्टर-3 की ग्रीन बेल्ट पर अतिक्रमण की शिकायत पर संबंधित अधिकारियों को अवैध कब्जे हटाने और नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

निगमायुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने नागरिकों से MCF 311 और स्वच्छता एप का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इन एप्स के माध्यम से लोग घर बैठे सफाई, स्ट्रीट लाइट, जलापूर्ति और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं, जिनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।