August 11, 2026

आंधी-बारिश के छह दिन बाद भी नहीं हटे गिरे पेड़ 

Noida/Alive News: बीते गुरुवार को आई तेज आंधी और बारिश के कारण शहर के विभिन्न हिस्सों में गिरे पेड़ और टूटी टहनियां छह दिन बाद भी नहीं हटाई जा सकी हैं। इससे न केवल शहर की सुंदरता प्रभावित हो रही है, बल्कि राहगीरों और वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही यह नोएडा प्राधिकरण की लापरवाही को भी उजागर कर रहा है। 

सेक्टर-33 की ओर से प्रकाश अस्पताल जाने वाले मार्ग पर फुटपाथ पर एक बड़ा पेड़ गिरा हुआ है। इसके कारण दोपहिया वाहन तो किसी तरह निकल जा रहे हैं, लेकिन चारपहिया वाहनों के लिए रास्ता बाधित हो रहा है। वहीं शशि चौक से निठारी जाने वाले मार्ग पर भी कई स्थानों पर पेड़ और उनकी टहनियां टूटी पड़ी हैं।

इसके अलावा सेक्टर-36 से सिटी सेंटर जाने वाले मुख्य मार्ग एक पेड़ गिरा है जिससे सड़क पर कभी भी कोई भी हादसा हो सकता है और सेक्टर-23 स्थित आरएम कार्यालय के पास भी गिरी टहनियां अब तक नहीं हटाई गई हैं।