June 9, 2026

यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा: दूसरे दिन भी अभ्यर्थियों में दिखा उत्साह, अधिकांश ने पेपर को बताया आसान

Noida/Alive News: यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन मंगलवार को भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया। सेक्टर-62 स्थित आईओएन डिजिटल जोन, सेक्टर-39 स्थित पीजी कॉलेज सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों के बाहर परीक्षा शुरू होने से पहले ही अभ्यर्थियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। सुरक्षा व्यवस्था के बीच अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद केंद्रों में प्रवेश दिया गया। परीक्षा देकर बाहर निकले अधिकांश अभ्यर्थियों ने परीक्षा को आसान बताया। हालांकि कई अभ्यर्थियों का कहना था कि रीजनिंग और जीके के प्रश्न अपेक्षाकृत कठिन थे। 

अभ्यर्थी पूनम ने बताया कि वह परीक्षा को लेकर काफी नर्वस थीं और निर्धारित समय से पहले ही परीक्षा केंद्र पहुंच गई थीं। उन्होंने कहा कि पूरा पेपर आसान था, केवल रीजनिंग का सेक्शन थोड़ा कठिन लगा। हालांकि उन्होंने सभी प्रश्न हल करने का प्रयास किया।

सेलेंदर ने बताया कि पेपर काफी सरल था और अधिकांश प्रश्न काफी आसान थे। उन्होंने कहा कि उन्होंने पूरा पेपर अच्छे से अटेम्प्ट किया है।

सलोनी ने बताया कि परीक्षा केंद्र पहुंचने पर उन्हें थोड़ी घबराहट महसूस हो रही थी। केंद्र के बाहर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद थे, जो अभ्यर्थियों की जांच कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पेपर उनके लिए आसान रहा, हालांकि कुछ प्रश्नों को समझने में थोड़ी परेशानी हुई, लेकिन उन्होंने पूरा पेपर हल कर लिया।

वहीं मोनी ने कहा कि परीक्षा शुरू होने से पहले वह काफी तनाव में थीं, लेकिन क्वेश्चन पेपर देखने के बाद उन्हें राहत मिली। उनके अनुसार पेपर अपेक्षा से आसान रहा और उन्होंने अच्छी तरह से परीक्षा दी।