Faridabad/Alive News: नगर निगम फरीदाबाद ने प्रॉपर्टी टैक्स ब्याज माफी योजना, लाल डोरा प्रमाण पत्र और सेल्फ सर्टिफिकेशन प्रक्रिया को लेकर वार्ड नंबर 3 से 22 तक के पार्षदों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की।
बैठक में निगम सचिव अनिल यादव, कर अधिकारी सुमन रतरा, ZTO विकास कन्हैया, क्षेत्रीय एवं कर अधिकारी अशोक ठाकुर और टैक्स विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने हरियाणा सरकार की प्रॉपर्टी टैक्स ब्याज माफी योजना और अन्य सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि सरकार द्वारा प्रॉपर्टी टैक्स पर विशेष ब्याज माफी और रियायत दी जा रही है। निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के निर्देश पर पार्षदों से अपने-अपने वार्डों में इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आग्रह किया गया।
बैठक में नागरिकों से अपील की गई कि वे समय रहते अपनी संपत्तियों का रिकॉर्ड अपडेट करवाएं और सरकार की रियायतों का लाभ उठाएं। साथ ही लाल डोरा प्रमाण पत्र और सेल्फ सर्टिफिकेशन प्रक्रिया को भी सरल तरीके से समझाया गया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि 30 जून तक ब्याज माफी योजना का लाभ नहीं लेने वाले बकाया प्रॉपर्टी टैक्स धारकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर संबंधित संपत्तियों को सील भी किया जा सकता है।
नगर निगम ने पार्षदों से अपने क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को योजना की जानकारी देने की अपील की है।

