June 8, 2026

बैंक पहुंचने में असमर्थ थी बुजुर्ग महिला, पोते ने ठेले पर लिटाकर कराई पेंशन की प्रक्रिया  

Farrukhabad/Alive News: उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में एक बुजुर्ग महिला को पेंशन दिलाने के लिए उनका पोता ठेले पर लिटाकर बैंक पहुंचा। इस घटना का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।

73 वर्षीय किशन प्यारी का कुछ दिन पहले सड़क हादसे में पैर टूट गया था, जिसके कारण वह चलने-फिरने में असमर्थ हैं। उनके पोते मनु का आरोप है कि बैंक मैनेजर ने पेंशन जारी करने के लिए दादी की बैंक में मौजूदगी और अंगूठे का सत्यापन जरूरी बताया था।

मनु के अनुसार, उन्होंने बैंक मैनेजर को दादी की हालत के बारे में बताया, लेकिन फिर भी उन्हें बैंक लाने के लिए कहा गया। एंबुलेंस या अन्य साधन न मिलने पर वह दादी को ठेले पर लिटाकर बैंक पहुंचा।

हालांकि बैंक मैनेजर प्रवेश कुमार वर्मा ने इन आरोपों से अलग पक्ष रखा है। उनका कहना है कि परिवार को कुछ दिन इंतजार करने की सलाह दी गई थी और जरूरत पड़ने पर बैंक कर्मचारी को घर भेजकर प्रक्रिया पूरी कराने की बात भी कही गई थी।

किशन प्यारी के पति बिजली विभाग में कार्यरत थे। उनके निधन के बाद उन्हें पारिवारिक पेंशन मिल रही है। बढ़ती उम्र, शारीरिक कमजोरी और हालिया दुर्घटना के कारण वह पूरी तरह दूसरों पर निर्भर हैं।

इस घटना के सामने आने के बाद बैंकिंग सुविधाओं और बुजुर्गों के लिए घर पर सेवाएं उपलब्ध कराने को लेकर सवाल उठने लगे हैं।