July 21, 2026

परचून की दुकान की आड़ में बेच रहा था शराब, 62 पव्वों के साथ आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 की टीम ने आरोपी के कब्जे से 62 पव्वे देसी शराब बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान पर्वतीय कॉलोनी निवासी 28 वर्षीय रजनीश के रूप में हुई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह बलवंत कॉलोनी में अपनी परचून की दुकान की आड़ में अवैध रूप से शराब बेच रहा है।

सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच टीम ने छापेमारी की और दुकान से 62 पव्वे देसी शराब बरामद की। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से दुकान की आड़ में शराब बेचने का काम कर रहा था।

थाना मुजेसर में आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत पहले से पांच मामले दर्ज हैं।