Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सेक्टर-46 स्थित कम्युनिटी सेंटर के बाहर शादी समारोह के दौरान चाकू मारने और मारपीट करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान सुमित (24) और रोहित (30), निवासी गांव अनंगपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, लकड़पुर निवासी बंटी ने शिकायत दी कि 25 अप्रैल की रात करीब 10:30 बजे वह एक शादी में /शामिल होने गया था। इसी दौरान सुमित ने उसे फोन करके बाहर बुलाया। जैसे ही बंटी बाहर पहुंचा, वहां पहले से मौजूद सुमित और रोहित ने उस पर हमला कर दिया। सुमित ने चाकू से वार किया, जबकि रोहित ने लोहे की रॉड से हमला किया। इस दौरान दो अन्य युवक भी वहां आ गए और उन्होंने भी मारपीट की।
बंटी का दोस्त मनीष जब उसे बचाने पहुंचा, तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। शिकायत के आधार पर थाना सूरजकुंड में मामला दर्ज किया गया।
जांच में सामने आया कि सुमित और मनीष के बीच जमीन को लेकर पुराना पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते बंटी को निशाना बनाया गया, क्योंकि वह मनीष का दोस्त है और पहले विवाद में उसका साथ दे चुका था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

