June 26, 2026

चोरी के गहने खरीदने वाले सुनार से 4 लाख रुपये बरामद

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी के गहने खरीदने वाले एक सुनार से 4 लाख रुपये बरामद किए हैं। यह कार्रवाई अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने की।

पुलिस के अनुसार, 2 अप्रैल को सेक्टर-75 निवासी प्रदीप ने शिकायत दी थी कि वह अपने सेक्टर-9 वाले घर गया हुआ था। अगले दिन जब वह वापस लौटा, तो देखा कि उसके घर से गहने और नकदी चोरी हो चुकी थी। इस मामले में थाना बीपीटीपी में केस दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अलीगढ़ के पंचनगरी निवासी हरिओम, जो पेशे से सुनार है, उसने चोरी के गहने खरीदे थे। ये गहने संदीप और सचिन नाम के आरोपियों ने चोरी किए थे। हरिओम ने गहनों को पिघलाकर नए गहनों में बदल दिया और बेच दिया।

पुलिस ने हरिओम से 4 लाख रुपये बरामद किए हैं। वहीं, चोरी करने वाले दोनों आरोपी संदीप और सचिन को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।