June 26, 2026

हेल्थ सप्लिमेंट चोरी मामले में एक और आरोपी गिरफ्तार, ऊंचा गांव टीम की कार्रवाई

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में हेल्थ सप्लिमेंट चोरी के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने की है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान जुनेद, निवासी नूंह जिले के नौसेरा गांव के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, झज्जर के गांव छपार निवासी विजेंद्र ने थाना सराय ख्वाजा में शिकायत दी थी। उसने बताया कि वह हेल्थ सप्लिमेंट का काम करता है। 13 अक्टूबर 2025 को उसने 254 बॉक्स सप्लिमेंट एक गाड़ी में भरकर फरीदाबाद की एक कंपनी में भेजे थे।

अगले दिन जब सामान उतारा गया, तो कुछ बॉक्स से सप्लिमेंट के डिब्बे गायब मिले। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच में पता चला कि आरोपी बिलाल गाड़ी लेकर जुनेद के पास गया था। वहां बिलाल, नफीश और अन्य साथियों ने सप्लिमेंट का सामान जुनेद की पिकअप गाड़ी में लोड किया। इसके बाद जुनेद सामान को तावडू लेकर गया और वहां अपने एक साथी के पास उतार दिया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 1 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।