June 26, 2026

अहाता मैनेजर की पीट-पीटकर हत्या, 2 आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सेक्टर-3 में शराब ठेके के पास बने अहाता के मैनेजर की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मृतक की पहचान आदेश कुमार के रूप में हुई है, जो अहाता में मैनेजर के तौर पर काम करता था। उसके भाई सुमित ने पुलिस को शिकायत दी कि 15 अप्रैल की रात करीब 12 बजे वह अपने भाई के पास गया था। वहां उसने देखा कि दो लोग उसके भाई से झगड़ा कर रहे थे।

कुछ देर बाद 10-12 लोग लाठी-डंडों के साथ वहां पहुंचे और आदेश कुमार पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद थाना सेक्टर-8 में हत्या का मामला दर्ज किया गया।

अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने कार्रवाई करते हुए 16 अप्रैल को अभिषेक और रोहित, दोनों निवासी इंदिरा कॉलोनी, गुरुग्राम को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सामने आया कि 14 अप्रैल को उनकी भांजी की शादी पास के सामुदायिक केंद्र में थी। रात को वे शराब लेने ठेके पर गए, लेकिन ठेका बंद था। इसके बाद उन्होंने अहाता का दरवाजा खटखटाया और शराब मांगी, जिस पर मैनेजर ने मना कर दिया। इसी बात पर झगड़ा हो गया।

झगड़े के बाद आरोपियों ने अपने साथियों को बुला लिया और सभी ने मिलकर आदेश कुमार पर लाठी, डंडे और पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर आगे की पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।