Faridabad/Alive News: हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने नगर निगम फरीदाबाद (MCF) की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सोमवार को 31 नई स्कूटियों का वितरण किया। सेक्टर-16 स्थित सागर सिनेमा परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और पत्रकारों की उपस्थिति रही।
इस अवसर पर मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि यह पहल केवल स्कूटियों के वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत देशभर में स्वच्छता को जन आंदोलन का रूप मिला है और अब यह हर नागरिक की जिम्मेदारी बन चुकी है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए स्थायी और प्रभावी व्यवस्थाएं विकसित कर रही है। फरीदाबाद में कचरा प्रबंधन और शहरी विकास के क्षेत्र में किए गए कार्यों के सकारात्मक परिणाम अब दिखाई देने लगे हैं। बढ़वारी क्षेत्र में स्थापित कचरा प्रबंधन प्लांट का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि यहां कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निपटान किया जा रहा है।
मंत्री ने बताया कि डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण प्रणाली को मजबूत किया गया है, जिससे शहर में कचरा फैलने की समस्या में कमी आई है। साथ ही डिजिटल मॉनिटरिंग और नियमित निरीक्षण से सफाई व्यवस्था को अधिक जवाबदेह बनाया गया है। उन्होंने कहा कि नई स्कूटियों से सफाई निरीक्षक अपने क्षेत्रों में तेजी से पहुंचकर बेहतर निगरानी कर सकेंगे।
पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए उन्होंने बताया कि शहर में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाए जा रहे हैं। सड़कों, पार्कों और सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए पौधे भविष्य में फरीदाबाद को हरित और प्रदूषण मुक्त बनाने में सहायक होंगे।मंत्री ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल सरकार की नहीं, बल्कि सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से कचरा निर्धारित स्थान पर डालने, प्लास्टिक का कम उपयोग करने और अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के दौरान मेयर प्रवीण बत्रा जोशी, नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा, संयुक्त आयुक्त राजेश प्रजापति, नीरा तोमर सहित कई पार्षद एवं अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री ने सफाई कर्मचारियों और निरीक्षकों की सराहना करते हुए उन्हें “स्वच्छता के सच्चे सैनिक” बताया और उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।
उन्होंने विश्वास जताया कि जनभागीदारी और प्रशासनिक प्रयासों से फरीदाबाद को देश के सबसे स्वच्छ, सुंदर और हरित शहरों में शामिल किया जा सकेगा।

