October 7, 2026

विराट कोहली ने 5 करोड़ लेकर प्रेमानंद महाराज से मिलने का आरोप नकारा, बोले- श्रद्धा और सम्मान की वजह से जाता हूं

संत प्रेमानंद महाराज के साथ विराट कोहली और अनुष्का शर्मा

New Delhi/Alive News: क्रिकेटर विराट कोहली ने संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम जाने के लिए 5 करोड़ रुपये लेने के आरोपों को खारिज किया है। कोहली के प्रवक्ता ने बुधवार को बयान जारी कर कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए सभी आरोप झूठे, निराधार और तथ्यहीन हैं।

प्रवक्ता के मुताबिक, विराट कोहली संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए गहरी श्रद्धा और सम्मान की वजह से आश्रम जाते हैं। उन्होंने मीडिया से अपील की कि किसी भी दावे को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले उसकी तथ्यात्मक जांच जरूर की जाए।

यह विवाद श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष फलाहारी महाराज दिनेश शर्मा के आरोपों के बाद शुरू हुआ। उन्होंने दावा किया था कि विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा को केलीकुंज आश्रम बुलाने के लिए 5 करोड़ रुपये दिए गए थे।

फलाहारी महाराज ने प्रेमानंद महाराज को लिखी थी चिट्ठी

फलाहारी महाराज ने संत प्रेमानंद महाराज को एक पत्र लिखकर कई गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया कि संत की टीम से जुड़े एक गुट ने विराट कोहली को 5 करोड़ रुपये देकर उनके दरबार में दर्शन के लिए बुलाया, ताकि उन्हें सेलिब्रिटी के तौर पर प्रचारित किया जा सके।

उन्होंने प्रेमानंद महाराज की टीम में कुछ लोगों के साधु के भेष में होने और भू-माफिया से जुड़े होने का भी आरोप लगाया। इसके अलावा उन्होंने यमुना के डूब क्षेत्र की जमीन बेचने और बच्चों की किडनी चोरी जैसे गंभीर आरोप भी लगाए। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

फलाहारी महाराज ने प्रेमानंद महाराज से गोवर्धन आने और मामले की CBI जांच की मांग करने की अपील की थी। उन्होंने सरकार से उन्हें Z+ सुरक्षा देने की भी मांग की।

विराट-अनुष्का कई बार कर चुके हैं प्रेमानंद महाराज के दर्शन

विराट कोहली और अनुष्का शर्मा पहले भी कई बार संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात कर चुके हैं। रिपोर्ट के अनुसार, दोनों की आखिरी मुलाकात गुरु पूर्णिमा से पहले 22 जुलाई को नए आश्रम यमुना विहार कुंज में हुई थी।

इस दौरान दोनों चेहरे पर मास्क लगाकर और नंगे पैर आश्रम पहुंचे थे। बारिश के कारण रास्ते में कीचड़ था और विराट कोहली, अनुष्का शर्मा का हाथ पकड़कर आश्रम की ओर जाते नजर आए थे।