Faridabad/Alive News: लापरवाही या भ्रष्टाचार करने वाले डिपो होल्डरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह बात मंत्री राजेश नागर ने वार्ड-26 में आयोजित एक सभा के दौरान कही। इस दौरान उन्होंने वार्ड पार्षद लाल मिश्रा की मौजूदगी में कार्यक्रम को जनसंवाद का रूप देते हुए लोगों की समस्याएं सुनीं।
मंत्री नागर ने स्पष्ट कहा कि यदि किसी भी राशन डिपो होल्डर से शिकायत है तो नागरिक अपने पार्षद या सीधे उनके कार्यालय में संपर्क करें। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि दोषी पाए जाने पर संबंधित डिपो होल्डर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने डिपो संचालकों को निर्देश दिए कि वे समय पर और सही मात्रा में राशन वितरण सुनिश्चित करें, अन्यथा उनका लाइसेंस रद्द किया जा सकता है।
उन्होंने राशन और पेट्रोल उत्पादों को लेकर अफवाह फैलाने वालों को भी आगाह किया। कहा कि सरकार के पास आवश्यक वस्तुओं और पेट्रोलियम उत्पादों का पर्याप्त भंडार है और अफवाह फैलाकर लोगों में भय का माहौल बनाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में सरकार अंत्योदय की भावना के साथ कार्य कर रही है, जिसका उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
इस अवसर पर महापौर प्रवीण बत्रा जोशी, पार्षद प्रियंका बिष्ट बुदानी, कर्ण सिंगला, सचिन शर्मा, रिंकू सिलानी, पूर्व पार्षद उम्मीदवार अमित भारद्वाज व अजय प्रताप भडाना, भाजपा मंडल अध्यक्ष मुकेश झा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

