Faridabad/Alive News: पटाखा बनाने में इस्तेमाल होने वाले पोटेशियम नाइट्रेट और गंधक की बरामदगी के मामले में क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हाथरस से 20,000 किलोग्राम पोटेशियम नाइट्रेट बरामद किया है। बरामद सामग्री को आगे की कार्रवाई के लिए हाथरस पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 2 अक्टूबर को क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने मुकेश कॉलोनी, बल्लभगढ़ क्षेत्र से 2,296 किलोग्राम पोटेशियम नाइट्रेट और 200 किलोग्राम गंधक बरामद किया था। इस मामले में पुनीत नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया गया था।
पूछताछ के दौरान सामने आया कि बरामद सामग्री हाथरस से लाई गई थी। इसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने कार्रवाई करते हुए 4 अक्टूबर को हाथरस निवासी मनोज अग्रवाल को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, मनोज अग्रवाल से पूछताछ और उसकी निशानदेही पर टीम ने हाथरस में कार्रवाई की। इस दौरान 20,000 किलोग्राम पोटेशियम नाइट्रेट बरामद किया गया। बरामद सामग्री को आगामी कानूनी कार्रवाई के लिए हाथरस पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
फरीदाबाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि आसपास किसी भी तरह की संदिग्ध सामग्री का भंडारण, गैरकानूनी गतिविधि या संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।

