June 6, 2026

बाटा पुल का एक हिस्सा बंद, कार्यदिवस पर बढ़ा ट्रैफिक जाम

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में बाटा पुल का एक साइड बंद होने के कारण सोमवार को कार्यदिवस पर लोगों को भारी जाम का सामना करना पड़ा। पुल के एक हिस्से को नई सड़क बनाने के लिए बंद किया गया है, जिससे यातायात प्रभावित हो गया।

इस पुल से रोजाना करीब 50 हजार लोग गुजरते हैं, जो तीन विधानसभा क्षेत्रों से जुड़े हैं। पुल का एक साइड बंद होने के चलते नीलम पुल और ओल्ड अंडरपास पर वाहनों का दबाव काफी बढ़ गया है। खासकर एनआईटी क्षेत्र के लोग नेशनल हाईवे तक पहुंचने के लिए इन्हीं मार्गों का उपयोग करते हैं।

पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार, पुल पर तारकोल की नई परत बिछाने का कार्य जारी है, जिसे पूरा होने में लगभग 15 दिन का समय लगेगा। सोमवार सुबह से ही नीलम पुल पर वाहन रेंगते नजर आए।

इसके अलावा नीलम चौक और बीके चौक पर भी लंबा जाम लगा रहा। स्थिति को संभालने के लिए ट्रैफिक पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी, तब जाकर यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका।