Faridabad/Alive News: यमुना नदी किनारे स्थित मोटूका में एक और रेनीवेल बनकर तैयार हो चुका है, जिसे अब केवल बिजली कनेक्शन का इंतजार है। अधिकारियों के अनुसार, अप्रैल माह में कनेक्शन मिलने की उम्मीद है, जिसके बाद इसे चालू कर दिया जाएगा।
गौरतलब है कि यहां पहले से एक रेनीवेल चालू है, लेकिन उसे अभी तक बिजली कनेक्शन नहीं मिल पाया है और फिलहाल जनरेटर के जरिए संचालित किया जा रहा है। इससे हर महीने लाखों रुपये का अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है।
तीसरे रेनीवेल का काम भी तेज अधिकारियों का कहना है कि 15 अप्रैल तक बिजली कनेक्शन मिलने के बाद दोनों रेनीवेल पूरी क्षमता से पेयजल आपूर्ति शुरू कर देंगे। इनसे शहरवासियों को करीब 20 एमएलडी पानी मिलेगा। वहीं, तीसरे रेनीवेल का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है और इसे अप्रैल के अंत तक शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
ये सभी रेनीवेल फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) द्वारा यमुना किनारे स्थापित किए जा रहे हैं। पहले रेनीवेल से पानी सेक्टर-25 के बूस्टर तक पहुंच रहा है, जहां से मुजेसर, संजय कॉलोनी, सेक्टर-55, सेक्टर-23, सेक्टर-52 और पर्वतीय कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों में हजारों परिवारों को राहत मिल रही है।
30 एमएलडी तक बढ़ेगी सप्लाई तीनों रेनीवेल चालू होने के बाद बल्लभगढ़ और एनआईटी विधानसभा क्षेत्रों में करीब 30 एमएलडी पानी की अतिरिक्त आपूर्ति हो सकेगी।
22 रेनीवेल का टेकओवर एफएमडीए द्वारा यमुना किनारे कुल 12 रेनीवेल लगाए जा रहे हैं, जिनसे शहर को 120 एमएलडी पानी मिलने की उम्मीद है। दूसरे चरण में पांच और रेनीवेल शुरू किए जाएंगे। इसके अलावा, प्राधिकरण ने नगर निगम और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के 22 रेनीवेल का टेकओवर भी कर लिया है।
फिलहाल शहर में पेयजल संकट बना हुआ है। जहां मांग 450 एमएलडी है, वहीं आपूर्ति केवल 330 एमएलडी प्रतिदिन हो पा रही है। इसी वजह से शहर की बड़ी आबादी अब भी टैंकरों पर निर्भर है।
प्राधिकरण के एसडीओ जितेंद्र कुमार ने बताया कि विभाग की ओर से बिजली की लाइनें बिछा दी गई हैं और अब बिजली निगम की एनओसी व कनेक्शन मिलते ही सभी रेनीवेल चालू कर दिए जाएंगे।

