New Delhi/Alive News: दिल्ली के प्रेस क्लब में बुधवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और लेफ्ट से जुड़े छात्र संगठनों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान CJP प्रवक्ता सौरव दास ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए और उनके इस्तीफे की मांग की।
सौरव दास ने ज्ञानेश कुमार को ‘गद्दार’ और ‘देशद्रोही’ बताते हुए कहा कि उन्हें केवल पद से हटाना पर्याप्त नहीं है। उनके और उनके फैसलों की स्वतंत्र कमेटी से जांच कराई जानी चाहिए और अगर किसी तरह की गड़बड़ी सामने आती है तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
CJP ने ऐलान किया कि 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया जाएगा। पार्टी ने युवाओं और विपक्षी संगठनों से इसमें शामिल होने की अपील की है।
CJP और लेफ्ट ने पुलिस पर लगाए आरोप
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान CJP और लेफ्ट संगठनों के नेताओं ने पिछले प्रदर्शनों के दौरान पुलिस पर कथित बदसलूकी और कार्रवाई के आरोप लगाए।
महिला प्रदर्शनकारियों से बदसलूकी का आरोप: सौरव दास ने आरोप लगाया कि पिछले प्रदर्शनों के दौरान दिल्ली पुलिस के पुरुष कर्मियों ने महिला प्रदर्शनकारियों के साथ कथित तौर पर बदसलूकी की। उन्होंने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस कार्रवाई पर सवाल: दास ने दावा किया कि धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के साथ कथित तौर पर बल प्रयोग किया था। उन्होंने आशंका जताई कि 10 अक्टूबर के प्रदर्शन के दौरान भी पुलिस इसी तरह की कार्रवाई कर सकती है।
10 अक्टूबर को दिल्ली पहुंचने की अपील: CJP प्रवक्ता ने युवाओं से जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर देश का युवा एकजुट होता है तो सरकार पर दबाव बढ़ेगा।
विपक्षी संगठनों के एकजुट होने का दावा: नेहा बोरा ने कहा कि 4 अक्टूबर को इंडिया गेट से जंतर-मंतर तक मार्च में करीब 3 हजार लोग शामिल हुए थे। उन्होंने दावा किया कि उन्हें प्रदर्शन के दौरान एक निजी वाहन में बैठा दिया गया था, लेकिन अन्य प्रदर्शनकारियों ने वाहन को आगे नहीं जाने दिया।
ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन की तैयारी
CJP के मुताबिक, 2 से 7 अक्टूबर के बीच ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर देशभर में कई बड़े प्रदर्शन किए गए हैं। पार्टी का कहना है कि 10 अक्टूबर का जंतर-मंतर प्रदर्शन इसी अभियान का अगला चरण होगा।
SIR को लेकर चुनाव आयोग पर विपक्ष के सवाल
SIR को लेकर विपक्ष लगातार चुनाव आयोग पर सवाल उठा रहा है। ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ की रिपोर्ट के अनुसार, चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने SIR से जुड़े फैसलों और आदेशों पर रिकॉर्ड में कम से कम 14 बार आपत्ति जताई थी।
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि कुछ फैसले दोनों चुनाव आयुक्तों की जानकारी या सिफारिश के बिना जारी किए गए। इसी मुद्दे को लेकर विपक्षी दल CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

