October 7, 2026

जंतर-मंतर पर धरने के लिए रवाना हुए राहुल-प्रियंका समेत विपक्षी सांसद, बोले- ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना होगा

जंतर-मंतर प्रदर्शन के लिए बस में रवाना होते राहुल गांधी और विपक्षी सांसद

New Delhi/Alive News: ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी सांसद आज दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने के लिए रवाना हुए। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस के कई सांसद बस में सवार होकर जंतर-मंतर पहुंचे। विपक्षी सांसदों ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ उनका विरोध जारी रहेगा।

इससे पहले विपक्षी सांसदों ने दिल्ली के जनपथ स्थित सागर रत्ना रेस्टोरेंट में करीब डेढ़ घंटे तक लंच किया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने INDIA ब्लॉक के सांसदों को बैठक और लंच के लिए बुलाया था। बैठक में आगे की रणनीति पर चर्चा हुई।

एक दिन पहले INDIA ब्लॉक के 200 से ज्यादा सांसदों ने संसद से चुनाव आयोग कार्यालय तक मार्च निकालने की कोशिश की थी। पुलिस ने रास्ते में बैरिकेड लगाकर मार्च रोक दिया था। इसके बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई नेताओं ने आकाशवाणी भवन परिसर में करीब 8 घंटे तक धरना दिया था। आकाशवाणी परिसर में कथित तौर पर बिना अनुमति प्रवेश करने के मामले में राहुल और प्रियंका के खिलाफ FIR भी दर्ज की गई है।

राहुल गांधी बोले- ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना होगा

जंतर-मंतर के लिए रवाना होने से पहले राहुल गांधी ने कहा कि विपक्षी सांसद चुनाव आयुक्तों से मिलना चाहते थे, लेकिन दिल्ली पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद उन्होंने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने का फैसला किया।

राहुल गांधी ने कहा कि ज्ञानेश कुमार देश के वैध मुख्य चुनाव आयुक्त नहीं हैं और उन्हें इस्तीफा देना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि उनके खिलाफ पहले से कई FIR हैं और वह चाहते हैं कि उनके खिलाफ 100 FIR दर्ज हों।

खड़गे बोले- पूरे देश तक पहुंचाएंगे मुद्दा

लंच के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि विपक्ष इस मुद्दे को पूरे देश तक ले जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों के अधिकारों पर असर पड़ रहा है और विपक्षी दल इसके खिलाफ लड़ते रहेंगे।

कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने भी कहा कि कितनी भी FIR दर्ज कर दी जाएं, विपक्ष लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपना आंदोलन जारी रखेगा।

कांग्रेस सांसदों ने जारी रखने की बात कही प्रदर्शन

विपक्षी सांसदों की बैठक के बाद कांग्रेस सांसद एक साथ बस में सवार होकर जंतर-मंतर के लिए रवाना हुए। कांग्रेस सांसद शफी परंबिल ने कहा कि विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

चुनाव आयोग को लेकर कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने भी सवाल उठाए। उन्होंने विपक्षी सांसदों को चुनाव आयोग से मिलने के लिए समय नहीं दिए जाने पर तंज कसते हुए कहा कि क्या विपक्ष को इसके लिए निमंत्रण कार्ड छपवाकर भेजना चाहिए।

AAP ने भी निकाला मार्च

दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी कश्मीरी गेट के पास से मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) कार्यालय की ओर मार्च निकाला। पुलिस ने रास्ते में बैरिकेड लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया।

विपक्षी दल SIR को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठा रहे हैं और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।