Faridabad/Alive News: जिला रेडक्रॉस सोसायटी फरीदाबाद द्वारा संचालित अन्नदान–महादान मुहिम के अंतर्गत शनिवार को आर्थिक रूप से कमजोर तपेदिक (टीबी) के 60 मरीजों को विशेष पोषाहार वितरित किया गया। यह कार्यक्रम उपायुक्त एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी फरीदाबाद के अध्यक्ष आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में, स्वर्गीय श्री करतार सिंह भाटी जी एवं श्रीमती जयवती भाटी जी की पुण्य स्मृति में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ एवं बत्रा हॉस्पिटल फरीदाबाद के डायरेक्टर डॉ. पंकज बत्रा उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री का सपना भारत को टीबी मुक्त बनाना है, जिसे समाजसेवी संस्थाओं के सहयोग से ही साकार किया जा सकता है। उन्होंने टीबी मरीजों को समय पर नियमित दवाइयां लेने के लिए प्रेरित किया और रेडक्रॉस की इस पहल की सराहना की।
विशिष्ट अतिथि के रूप में संजय भाटी, पुत्र स्वर्गीय करतार सिंह भाटी जी ने कहा कि उनके पिता की पुण्य स्मृति में जिला रेडक्रॉस सोसायटी के साथ मिलकर टीबी मरीजों को पूर्ण आहार उपलब्ध कराना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने रेडक्रॉस द्वारा संचालित इस मुहिम को अत्यंत सार्थक बताया।
निशा भाटी, पत्नी संजय भाटी ने कहा कि रेडक्रॉस के साथ मिलकर समाजसेवा करने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने जिला रेडक्रॉस सोसायटी फरीदाबाद का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्यों में सहयोग देने का आश्वासन दिया।
जिला रेडक्रॉस सोसायटी फरीदाबाद के सचिव बिजेन्द्र सौरोत ने मुख्य व विशिष्ट अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने टीबी से बचाव के उपायों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि साफ-सफाई, पौष्टिक आहार और समय-समय पर जांच ही इस बीमारी से सफल इलाज का माध्यम है। कार्यक्रम संयोजक पुरुषोत्तम सैनी ने उपस्थित टीबी मरीजों को देश को टीबी मुक्त बनाने की शपथ दिलाई और बीमारी से बचाव संबंधी विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर रेडक्रॉस के आजीवन सदस्य डॉ. एम.पी. सिंह ने संस्था की सराहना करते हुए कहा कि रेडक्रॉस एक मानवीय संगठन है, जो समाज की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहता है। जिला टीबी समन्वयक कुमारी मधु भाटिया ने टीबी के लक्षण, बचाव और उपचार की सही जानकारी दी तथा लोगों की शंकाओं का समाधान किया। उन्होंने सभी से समाज में टीबी उन्मूलन के लिए जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
इस मौके पर रामबरन यादव, रामकिशोर, अशोक कुमार, कमल कुमार, अजय देव, बृजमोहन शर्मा, प्रेम, रानी, परवीन सहित अन्य रेडक्रॉस स्टाफ ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग दिया।

