March 8, 2026

सरस आजीविका मेला में दूसरे दिन रही कम भीड़

Faridabad/Alive News: सेक्टर-12 स्थित एचएसवीपी मैदान में सोमवार से शुरू हुआ सरस आजीविका मेला मंगलवार को आमजन के लिए खोल दिया गया। मेले के दूसरे दिन सेक्टर-12 व आसपास के क्षेत्रों से लोग खरीदारी के लिए पहुंचे, हालांकि भीड़ काफी कम रही।
दुकानदारों के अनुसार शनिवार और रविवार को अच्छी बिक्री की उम्मीद है। मेले के दूसरे दिन अधिकांश दुकानदार अपनी-अपनी दुकानों को सजाने में जुटे रहे। कई स्टॉल अभी पूरी तरह सज नहीं पाए, जिस कारण कुछ स्थानों पर दुकानें खाली दिखाई दीं। इसके बावजूद महिला उद्यमी अपनी कला और प्रतिभा को दर्शाने के साथ-साथ आजीविका को सशक्त बनाने के उद्देश्य से उत्साह के साथ मेले में भाग ले रही हैं।

जिला प्रशासन की ओर से आयोजित इस सरस आजीविका मेले में दूसरे दिन भी स्टॉल अलॉटमेंट का सिलसिला जारी रहा। इस दौरान कुछ महिला उद्यमियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। झज्जर से आई एक महिला उद्यमी ने स्टॉल अलॉटमेंट के दौरान ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर अधिक राशि मांगने का आरोप लगाया। मामला सामने आने के बाद उसे दबाने के प्रयास की भी चर्चा रही।

देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचीं महिला उद्यमी

हरियाणा के विभिन्न जिलों के अलावा उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, केरल और राजस्थान से महिला उद्यमियों को मेले में आमंत्रित किया गया है। दूसरे दिन तक मेले के सभी 150 स्टॉल बुक हो चुके थे। महिला उद्यमी जिलेवासियों से अच्छी प्रतिक्रिया और बिक्री की उम्मीद लगाए हुए हैं। मेले में आने वाले लोगों के लिए खाने-पीने की भी विशेष व्यवस्था की गई है। यहां मक्के की रोटी व साग के अलावा राजस्थान की दाल-बाटी-चूरमा, मिर्ची वड़ा, गजक सहित कई पारंपरिक व्यंजन उपलब्ध हैं। वहीं खरीदारी के लिए विभिन्न राज्यों के परिधान, घर की सजावट का सामान, अचार-चटनी और राजस्थान के कोटा पत्थरों से बनी आकर्षक वस्तुएं लोगों को खूब लुभा रही हैं।