Faridabad/Alive News: एनआईटी एक नंबर में कपड़े की दुकान चलाने वाले एक युवक को दो लोगों ने बेरहमी से पीटा। मारपीट की यह घटना पास के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरु कर दी है।
एसी नगर निवासी विकास ने जानकारी देते हुए बताया कि वह एनआईटी एक नंबर में कल्याण सिंह चौक पर कपड़े की दुकान चलाते हैं। बीते दिन मंगलवार को वह अपनी दुकान पर था। रात करीब 8 बजे रितिक डागर और नितिन नाम के दो लोग उनकी दुकान में आए और उन्हें पीटना शुरू कर दिया।
इसके बाद वे उसे दुकान से बाहर खींच लाए और वह उसे बाहर भी पीटने लगे साथ ही दोनों ने शिकायतकर्ता से पांच हजार रुपये की मांग भी की।
कोतवाली थाना प्रभारी भगवान ने बताया कि मारपीट करने वाले दोनों युवक एसी नगर इलाके के रहने वाले हैं और पीड़ित को पहले से जानते थे।
पुलिस को जांच में पता चला है कि उनके बीच किसी पुराने लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। मारपीट के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

