June 13, 2026

पारिवारिक झगड़े में मारपीट करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस लड़ी–झगड़े और मारपीट से जुड़े मामलों में लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी दौरान अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने एक मारपीट के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, आदर्श नगर की एक महिला ने शिकायत दी थी कि उसकी बहु रानी (काल्पनिक नाम) और बेटे के बीच झगड़ा चल रहा था। 24 अगस्त की रात रानी ने अपने परिवार वालों को घर पर बुला लिया। जब घर का दरवाजा नहीं खोला गया, तो एक युवक छत के रास्ते अंदर घुसा और दरवाजा खोल दिया। इसके बाद 10–12 लोग घर में घुसे और शिकायतकर्ता तथा उसके बेटे के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। इस शिकायत पर थाना आदर्श नगर में मामला दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान पुलिस ने चार आरोपियों जय भगवान (निवासी खोह, मानेसर), हरिश और राकेश (निवासी आदर्श नगर, फरीदाबाद) तथा उमेश (निवासी खेड़ा खलीलपुर, नूंह) को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में पता चला कि रानी, आरोपी जय भगवान की भांजी है। उसने फोन पर बताया था कि ससुराल वाले उसे परेशान कर रहे हैं, जिसके बाद जय भगवान अपने भाई, बेटा उमेश, पड़ोसी हरिश, राकेश और अन्य लोगों को लेकर पीड़ित के घर पहुंचा और मारपीट की।

सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है। इस मामले में आरोपी कृष्ण और रविंद्र को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।