March 7, 2026

जवाहर नवोदय विद्यालय में नशा मुक्ति अभियान, डॉ. अशोक वर्मा ने 66 किलोमीटर साइकिल चलाकर दिया संदेश

Faridabad/Alive News: रविवार को पीएमश्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय में नशा मुक्ति अभियान और प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा आयोजित किया गया।

ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने ‘नशा मुक्त हो भारत देश, स्वस्थ रहे मेरा प्रदेश’ के नारे के साथ लोगों को जागरूक किया। उन्होंने सुबह पुलिस लाइन फरीदाबाद से साइकिल यात्रा शुरू की और चंदावली, मच्छगर, दयालपुर, अटाली और मोढूका गांवों में लोगों को नशा छोड़ने का संदेश दिया। कुल 66 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद वे जवाहर नवोदय विद्यालय पहुंचे।

विद्यालय पहुंचने पर उप प्राचार्य सतीश जैन ने उनका स्वागत किया। इस दौरान 488 विद्यार्थियों, 20 शिक्षकों और 5 कर्मचारियों ने नशा मुक्त भारत की शपथ ली। डॉ. वर्मा ने छात्रों को बताया कि सरकार द्वारा प्रतिबंधित नशे जैसे अफीम, चरस, हेरोइन, स्मैक, एलएसडी, एमडीएमए, नशे की गोलियां और टीके समाज को बर्बाद कर रहे हैं। उन्होंने छात्रों से अपील की कि नशे से जुड़ी कोई भी जानकारी 1933 या 9050891508 पर साझा करें।

अभियान के अंत में नशा मुक्ति विषय पर प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें नवम कक्षा की ख्याति प्रथम, देव गौतम द्वितीय और सप्तम कक्षा के आशीष तृतीय स्थान पर रहे। विजेता छात्रों को सम्मानित किया गया।

डॉ. वर्मा ने बताया कि यह अभियान पुलिस अधीक्षक मोहित हांडा के नेतृत्व और डीएसपी गजेंद्र सिंह के पर्यवेक्षण में लगातार चलाया जा रहा है, ताकि फरीदाबाद को नशामुक्त बनाया जा सके।