Faridabad/Alive News: हरियाणा पर्यटन विभाग द्वारा सूरजकुंड में द्वितीय दिवाली उत्सव मेला 2 से 7 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। मेले में लोगों की सुरक्षा के लिए फरीदाबाद पुलिस ने कड़े इंतजाम किए हैं।
पुलिस उपायुक्त एनआईटी मकसूद अहमद को मेले का नोडल अधिकारी बनाया गया है। उनकी देखरेख में करीब 700 पुलिसकर्मी ड्यूटी पर रहेंगे।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार, मेले के क्षेत्र को सुरक्षा के लिहाज से 5 जोन में बांटा गया है और हर जोन में एक निरीक्षक अधिकारी प्रभारी होगा। मेले के आसपास 5 जगह नाकाबंदी की गई है और कमांडो/स्वैट टीम भी तैनात रहेगी।
ट्रैफिक प्रबंधन के लिए 3 पार्किंग स्थल बनाए गए हैं—गोल्ड फिंच के सामने, ताज विवांता के सामने और दिल्ली गेट के पास महा स्टेज मैदान। यहां पर्याप्त संख्या में ट्रैफिक पुलिस बल मौजूद रहेगा।
फरीदाबाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे शांतिपूर्वक मेले का आनंद लें और किसी भी तरह की अराजकता न फैलाएं। मेले में हथियार और ज्वलनशील वस्तुएं पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगी।

