Kupwara/Alive News: जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास शनिवार सुबह सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। अधिकारियों के मुताबिक, मुठभेड़ में अब तक दो आतंकी मारे गए हैं। घटना के बाद केरन सेक्टर के जुमागुंड इलाके में सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन जारी है।
सेना के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 3:30 बजे सुरक्षाबलों ने इलाके में संदिग्ध गतिविधि देखी। इसके बाद दोनों तरफ से गोलीबारी शुरू हो गई। शुरुआती तौर पर घटना को घुसपैठ की कोशिश से जोड़कर देखा जा रहा था, लेकिन अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अभी यह पुष्टि नहीं हुई है कि आतंकी घुसपैठ करने की कोशिश कर रहे थे या नहीं।
पुंछ में धमाके में चार लोगों की मौत
इस महीने 12 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास कृष्णा घाटी सेक्टर से जुड़े इलाके में धमाका हुआ था। अधिकारियों के मुताबिक, इस घटना में चार लोग मारे गए थे। आशंका जताई गई थी कि वे भारत में घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे। मृतकों में लश्कर-ए-तैयबा का एक कमांडर भी शामिल बताया गया था।
इसी दिन पुंछ के मेंढर सेक्टर के बसोनी इलाके में सीमा पर बाड़ के पास दो पुरानी बारूदी सुरंगें भी मिली थीं। सेना के विशेषज्ञों ने नियंत्रित विस्फोट के जरिए दोनों सुरंगों को नष्ट कर दिया था।
सितंबर में भी मारे गए थे कई आतंकी
सितंबर में जम्मू-कश्मीर के अलग-अलग इलाकों में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ की घटनाएं हुई थीं।
17 सितंबर को उधमपुर जिले में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े दो पाकिस्तानी आतंकियों को मार गिराया था। घटनास्थल से AK राइफल, M4 कार्बाइन, पिस्तौल और गोला-बारूद बरामद किए गए थे। इस मामले में एक संदिग्ध ओवरग्राउंड वर्कर को भी हिरासत में लिया गया था।
9 सितंबर को डोडा जिले में लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े एक पाकिस्तानी आतंकी का शव मिला था। उसके पास से नाइट विजन क्षमता वाली M4 राइफल बरामद हुई थी। पुलिस के अनुसार, वह 6 सितंबर को सेओजधार के जंगलों में हुई मुठभेड़ में मारा गया था।
वहीं, 5 सितंबर को बडगाम जिले के यूसमर्ग-अशदर गली इलाके में सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े आतंकी यासिर को मार गिराया था। रिपोर्ट के मुताबिक, वह 2024 में पुंछ में एयरफोर्स के काफिले पर हुए हमले में शामिल था। उस हमले में एक जवान शहीद हुआ था।
फिलहाल, कुपवाड़ा के केरन सेक्टर में तलाशी अभियान जारी है। सुरक्षाबल इलाके में अन्य संदिग्धों की मौजूदगी का पता लगाने में जुटे हैं।

