October 17, 2026

ग्रेटर नोएडा में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, घर में मिले पति-पत्नी और 3 बच्चों के शव

ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा में पति-पत्नी और तीन बच्चों समेत पांच लोगों की मौत। फूड पॉइजनिंग की आशंका, पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

Noida/Alive News: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक ही परिवार के पांच लोगों की घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे शामिल हैं। शनिवार सुबह काफी देर तक परिवार के नहीं जागने पर पड़ोसियों को शक हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घर का दरवाजा खुलवाकर अंदर जांच की। पांचों के शव बिस्तर पर मिले।

घटना रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के नंगला श्रीपदम गांव की है। मृतकों की पहचान महेश (37), उनकी पत्नी ललिता (35), बेटे लड्डू (11) और साक्षत (3) तथा बेटी मिष्टी (7) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, एक बिस्तर पर महेश और उनके बेटे का शव मिला, जबकि दूसरे बिस्तर पर ललिता और उनके दो बच्चों के शव थे।

रात में नूडल्स खाने के बाद सोया था परिवार

पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, परिवार ने शुक्रवार रात करीब 10 बजे खाना खाया था और इसके बाद सोने चला गया। महेश मजदूरी करके परिवार का खर्च चलाते थे। वह अपनी मां, पत्नी और बच्चों के साथ रहते थे।

न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, महेश की मां ने बताया कि परिवार के सदस्यों ने रात में सोने से पहले नूडल्स खाए थे। उनकी तबीयत ठीक नहीं थी, इसलिए उन्होंने खाना नहीं खाया और सो गईं। शनिवार सुबह परिवार के काफी देर तक नहीं उठने पर पड़ोसियों को चिंता हुई। इसके बाद घटना का पता चला।

फूड पॉइजनिंग की आशंका, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस को शुरुआती जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका है, लेकिन अभी मौत की वजह की पुष्टि नहीं हुई है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं। घर की रसोई में बर्तन में नूडल्स के अवशेष मिले हैं, जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा गया है।

पुलिस आत्महत्या समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर भी जांच कर रही है। पांचों शवों का पंचनामा करने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा।

रिश्तेदारों ने बताया, परिवार में सब ठीक था

महेश के साले सोनू ने बताया कि उनकी बहन परिवार के साथ मेला देखकर आई थीं। इसके बाद उन्होंने घर पर खाना बनाया और परिवार सो गया। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर वह मौके पर पहुंचे, जहां पुलिस मौजूद थी।

डीसीपी श्रवण कुमार सिंह के मुताबिक, फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। बर्तनों को जांच के लिए भेजा गया है और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच की जा रही है।