October 17, 2026

मां कालरात्रि की पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं ने मांगी सुख-शांति, मंदिर में हुआ हवन

Faridabad/Alive News: सातवें नवरात्र पर श्री महारानी वैष्णो देवी मंदिर में मां कालरात्रि की पूजा-अर्चना श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ की गई। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ रही। भक्तों ने माता के दरबार में माथा टेककर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान माता रानी के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा।

मंदिर संस्थान के प्रधान जगदीश भाटिया ने प्रातःकालीन पूजा-अर्चना और हवन का शुभारंभ करवाया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने हवन में आहुति डालकर माता का आशीर्वाद लिया। नगर निगम के भाजपा पार्षद मनोज नसावा, उद्योगपति एचके बत्रा और फरीदाबाद के पूर्व एसडीएम मुरारी लाल गोयल ने भी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने फरीदाबाद, हरियाणा और देश में सुख, शांति व समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर जगदीश भाटिया ने अतिथियों को माता की चुनरी और प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि नवरात्र का पर्व शक्ति, श्रद्धा और सकारात्मकता का संदेश देता है। मां दुर्गा की आराधना से जीवन की कठिनाइयों का सामना करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने लोगों से समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारा बनाए रखने का आह्वान किया।