October 17, 2026

आंगनवाड़ी वर्कर और हेल्पर दिसंबर में दिल्ली के रामलीला मैदान में करेंगी महापड़ाव

Faridabad/Alive Nws: आंगनवाड़ी वर्कर और हेल्पर यूनियन (सीटू) की जिला कमेटी की बैठक शुक्रवार को सेक्टर-12 में हुई। जिला प्रधान मालवती की अध्यक्षता में हुई बैठक में 1 से 3 दिसंबर तक दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाले महापड़ाव को सफल बनाने की रणनीति तैयार की गई। जिला सचिव देवेंद्री शर्मा ने बैठक का संचालन किया।

यूनियन ने महापड़ाव की तैयारियों के लिए 22 अक्टूबर को तिगांव के प्राइमरी स्कूल में आंगनवाड़ी वर्कर, हेल्पर, आशा वर्कर और ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की संयुक्त बैठक बुलाने का निर्णय लिया। इसी दिन बल्लभगढ़ स्थित लोक निर्माण विभाग के रेस्ट हाउस में शहरी और ग्रामीण आंगनवाड़ी कर्मचारियों की बैठक होगी। इसके बाद 31 अक्टूबर को सेक्टर-12 में बैठक और 14 नवंबर को जिला कमेटी की बैठक आयोजित की जाएगी।

बैठक में कर्मचारियों ने अपनी समस्याएं उठाते हुए बताया कि 2022 की हड़ताल में बर्खास्त वर्करों और हेल्परों का वेतन अब तक नहीं मिला है। आंगनवाड़ी केंद्रों का किराया बकाया है और 2018 से मानदेय में बढ़ोतरी नहीं हुई है। उन्होंने ग्रेच्युटी लागू करने तथा केंद्रों में पेयजल, गैस कनेक्शन और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। कर्मचारियों ने बीएलओ ड्यूटी और सर्वे के अतिरिक्त काम का मुद्दा भी उठाया।