राष्ट्रध्वज राष्ट्र की अस्मिता है ! 15 अगस्त को राष्ट्रप्रेमी एवं देशभक्त नागरिकों द्वारा बड़े स्वाभिमान के साथ राष्ट्रध्वज देशभर में फहराए जाते हैं । परन्तु उसी दिन कागज या प्लास्टिक के छोटे छोटे राष्ट्रध्वज सड़कों और नालों में फटी हुई अवस्था में पड़े मिलते हैं, यह राष्ट्रीय अस्मिता के दृष्टि से खेदजनक है । इस संदर्भ न्यायालय के निर्णय तथा कानून होते हुए भी, उसका सरकार द्वारा योग्य पद्धति से पालन नहीं किया जाता । इस संदर्भ में हिंदू जनजागृति समिति की ओर से मथुरा के जिलाधिकारी माननीय चंद्र प्रकाश सिंह को तथा ग्रेटर नोएडा के जिलाधिकारी माननीय मेधा रूपम जी को ज्ञापन दिया गया। यह ज्ञापन उनकी ओर से अतिरिक्त जिलाधिकारी अतुल कुमार जी ने स्वीकार किया l उन्होंने कहा यह ज्ञापन नगरपालिका, पुलिस को भेजा जायेगा l
राष्ट्रध्वज का यह अनादर रोकने के लिए हिन्दू जनजागृति समिति द्वारा मुंबई उच्च न्यायालय में जनहित याचिका प्रविष्ट की गई थी । इस संबंध में सुनवाई करते हुए न्यायालय ने प्लास्टिक के राष्ट्रध्वज द्वारा होनेवाला अपमान रोकने का आदेश सरकार को दिया था । उसके अनुसार केंद्रीय और राज्य गृह विभाग तथा शिक्षा विभाग ने इससे संबंधित परिपत्रक भी निकाला था । इसके साथ ही केंद्र सरकार ने भी ‘प्लास्टिक बंदी’ का निर्णय लिया है । उसके अनुसार भी ‘प्लास्टिक के राष्ट्रध्वजों का विक्रय करना’ कानूनन अपराध है । यह ‘प्रतीक और नाम (अनुचित उपयोग की रोकथाम) अधिनियम, 1950’ तथा ‘राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम 1971’ का उल्लंघन है । इसका उपयोग करके सरकार को राष्ट्रध्वज का होनेवाला अपमान रोकने हेतु सख्त कदम उठाने चाहिए, ऐसी मांग समिति की ओर से की गई है ।
समिति द्वारा प्लास्टिक के राष्ट्रध्वज द्वारा होने वाला अपमान रोकने के लिए विविध माध्यमों से जनजागृति की जा रही है। समिति द्वारा विद्यालय-महविद्यालयों में व्याख्यान करना, प्रश्नोत्तर प्रतियोगिता आयोजित करना, हस्तपत्रक वितरित करना, भित्तीपत्रक-फ्लेक्स लगाना, स्थानीय केबल वाहिनियों पर ध्वनिचक्रिकाएं (सीडी) दिखाना, सडकों पर पड़े राष्ट्रध्वज एकत्रित करना, ‘सोशल मिडिया’ द्वारा अभियान कार्यान्वित करना आदि उपक्रम कार्यान्वित किए जाते हैं । इस सन्दर्भ में हरियाणा के धारूहेड़ा के ऋषि वर्ल्ड स्कूल, लिटिल मेस्ट्रो स्कूल, विवेकानंद स्कूल तथा लिटिल एंजेल स्कूल, मथुरा में श्रीजी बाबा स्कूल, श्री राधा माधव इंटर कॉलेज तथा दिल्ली में एम. सी. डी. प्रतिभा स्कूल काकला जी आदि स्कूलों में व्याख्यान द्वारा जागृति की गई। हिंदू जनजागृति समिति गत 22 वर्षों से राष्ट्रध्वज के अपमान के विरुद्ध राष्ट्रकर्तव्य के रूप में उद्बोधन कर रही है ।

