Faridabad/Alive News: दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) द्वारा बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए मंगलवार 29 जुलाई को एक विशेष लोक अदालत और सर्कल उपभोक्ता शिकायत निवारण न्यायाधिकरण (सीसीजीएरएफ) का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम दोपहर 12 बजे फरीदाबाद सर्कल, सेक्टर-23 में आयोजित होगा।
इस बैठक की अध्यक्षता अधीक्षण अभियंता परिचालन मंडल एसई (ओपी), जितेन्द्र सिंह ढुल करेंगे। इसमें बिजली से जुड़ी शिकायतें जैसे गलत बिलिंग, मीटर रीडिंग, कनेक्शन, मीटर, वोल्टेज आदि से जुड़ी समस्याएं सुनी जाएंगी।
बिजली विभाग की कार्यकारी अभियंता, उर्मिला रानी ने बताया कि 50 हजार रुपये तक की शिकायतें कार्यकारी अभियंता, एनआईटी डिवीजन कार्यालय में दोपहर 12:30 बजे सुनी जाएंगी। वहीं 51 हजार से 1 लाख रुपये तक की शिकायतें अधीक्षण अभियंता, सर्किल कार्यालय सेक्टर-23 में दोपहर 12 बजे से सुनी जाएंगी।
केवल उन्हीं मामलों की सुनवाई की जाएगी जिन पर कोई कोर्ट केस न चल रहा हो। उपभोक्ताओं से अनुरोध है कि वे अपनी शिकायतों का पूरा विवरण और सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ सत्यापन फॉर्म जमा करें, ताकि उनकी समस्याओं का समाधान जल्द से जल्द किया जा सके।
यह पहल उपभोक्ताओं को समय पर न्याय और समाधान प्रदान करने के उद्देश्य से की जा रही है।

