April 28, 2024

रास्ता भटकी 5 वर्षीय बच्ची को किया परिजनों के हवाले

Faridabad/Alive News : थाना खेड़ी पुल की पुलिस टीम ने घर से रास्ता भटकी एक 5 वर्षीय लड़की को उसके घर तक पहुंचाने का बहुत महत्वपूर्ण कार्य किया है। सुबह करीब 7 बजे ईआरवी डायल 112 की टीम थाना क्षेत्र में गश्त कर रही थी। उसी दौरान उन्हें एक बच्ची रोती हुई दिखाई दी। बच्ची को देखकर पुलिस टीम उसके पास पहुंची और उसके रोने का कारण पूछा तो बच्ची ने बताया कि वह अपने घर का पता भूल गई है।

ईआरवी की टीम बच्ची को लेकर थाना खेड़ी पुल पहुंची और थाना प्रबंधक को इसके बारे में सूचित किया। इसके बाद पुलिस ने परिजनों के बारे में पूछा तो बच्ची ने अपने माता-पिता के बारे में उन्हें बताया, परंतु उसे अपने घर का पता याद नहीं था।

थाना प्रबंधक ने बच्ची को उसके परिजनों तक पहुंचाने के उद्देश्य से उसकी फोटो को पुलिस व्हाट्सएप ग्रुप में डाल दी और एक पुलिस टीम गठित कर बच्ची के साथ थानाक्षेत्र में भेज दिया। पुलिस टीम ने आस- पास के लोगों से इसके बारे में पूछताछ की। परंतु उस बच्ची को वहां पर कोई भी नहीं पहचान रहा था। करीब 3 घंटे तक पूछताछ करने के पश्चात पुलिस को लड़की के परिजनों के बारे में पता चल गया और वह उसे लेकर उसके घर पहुंच गए।

लड़की के घर पर उसकी मां मौजूद थी। जिसने बताया कि वह बिहार के रहने वाले हैं और 2 दिन पहले ही बिहार से फरीदाबाद लड़की की बुआ के घर आए हैं। लड़की बाहर गई थी और खेलते- खेलते वहां से रास्ता भटक गई। तब से लड़की के परिजन उसको लेकर परेशान थे और उसकी तलाश कर रहे थे। पुलिस टीम ने लड़की का विशेष ध्यान रखने की हिदायत के साथ लड़की को उसके परिजनों के हवाले कर दिया।