Faridabad/Alive News: हरियाणा सरकार की स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान तथा आयुष मंत्री आरती राव ने सोमवार को सेक्टर-12 स्थित एचएसवीपी सम्मेलन केंद्र में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े 15 परिवादों की सुनवाई हुई, जिनमें से 12 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि तीन मामलों में अधिकारियों को अगली बैठक तक कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मंत्री आरती राव ने कहा कि जन शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और संतोषजनक समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
15 दिनों में शिफ्ट होंगी हाईटेंशन बिजली लाइनें
गांव क्षेत्र में हाईटेंशन बिजली लाइनों से दुर्घटना की आशंका संबंधी शिकायत पर दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) के अधिकारियों ने बताया कि आवश्यक राशि जमा होने के बाद प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मंत्री ने निर्देश दिए कि 15 दिनों के भीतर लाइन शिफ्टिंग का कार्य हर हाल में पूरा किया जाए।
नगर निगम को मौके पर निरीक्षण के निर्देश
सेक्टर-21डी में खराब सड़कें, अवैध निर्माण, सीवर और जलभराव जैसी समस्याओं पर मंत्री ने नगर निगम अधिकारियों को मौके पर निरीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में सड़क मरम्मत और जल निकासी के कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
साहुपुरा से सोतई तक जलभराव का होगा स्थायी समाधान
साहुपुरा से सोतई तक जलभराव और नालियों की समस्या पर अधिकारियों ने प्रस्तावित परियोजनाओं की जानकारी दी। मंत्री ने दीर्घकालीन समाधान के साथ तत्काल जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि बारिश के दौरान लोगों को परेशानी न हो।
बिजली बिल विवाद की जांच के लिए एडीसी की अध्यक्षता में समिति
बिजली बिल में गड़बड़ी और भुगतान रिकॉर्ड से जुड़ी शिकायत पर मंत्री आरती राव ने अतिरिक्त उपायुक्त (ADC) की अध्यक्षता में जांच समिति गठित करने के निर्देश दिए। समिति विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी, जिसके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
स्कूल में बाउंड्री वॉल और गेट का निर्माण होगा
विद्यालय परिसर की जर्जर बाउंड्री वॉल और मुख्य गेट के मामले में मंत्री ने उपायुक्त की डी-प्लान योजना के तहत आवश्यक स्वीकृतियां लेकर निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।
एचएसवीपी के लंबित मामलों का होगा निस्तारण
एचएसवीपी के पुराने आवंटन और मल्टीपल अलॉटमेंट मामलों पर अधिकारियों ने न्यायालय में लंबित प्रक्रिया की जानकारी दी। मंत्री ने निर्देश दिए कि अदालत के आदेशों और विभागीय नियमों के अनुसार मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं बल्लभगढ़ विधायक मूलचंद शर्मा, बड़खल विधायक धनेश अदलखा, एनआईटी विधायक सतीश फागना, महापौर प्रवीण जोशी, पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता, उपायुक्त आयुष सिन्हा, नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा, एडीसी अंजलि श्रोत्रिया, एचएसवीपी प्रशासक नीरज कादियान सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

